दूषित मिठाइयां नष्ट कर 7 टीन सरसों तेल किया सीज
बांदा, के एस दुबे । रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बांदा में खाद्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अमित आसेरी के निर्देशन और सहायक आयुक्त -द्वितीय के नेतृत्व में बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों और वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई में संदिग्ध डोडा बर्फी व लावारिस खोया नष्ट कराया गया, वहीं भारी मात्रा में खुला सरसों का तेल सीज किया गया।
अशोक लाट तिराहा कचहरी के पास खाद्य सचल दल ने मिठाई ले जा रही एक पिकअप गाड़ी को रोका। पूछताछ में चालक ने बताया कि मिठाई आजाद नगर अतर्रा (महोतरा रोड) स्थित राजू बघेल के निर्माण प्रतिष्ठान से लाई गई है। टीम ने तुरंत डोडा बर्फी और दूध बर्फी के नमूने लिए। प्रथम दृष्टया डोडा बर्फी खाने योग्य नहीं लगी और गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 20 किलोग्राम डोडा बर्फी को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने अवंती नगर स्थित श्आरोहना एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेडश् के भंडार गृह में छापेमारी की। सुरक्षा के दृष्टिगत खुले तेल के 7 टीन कुल 103 किलोग्राम सीज किए गए, जिसकी अनुमानित कीमत 18,540 रुपये है।सीज माल को मैनेजर शिवप्रकाश पांडेय की सुपुर्दगी में दे दिया गया। खोया मंडी से जब्त 20 किलो लावारिस खोया भी नष्ट।25 अगस्त को कैंथी बाजार खोया मंडी से जब्त किए गए 20 किलोग्राम खोये को भी बुधवार को नष्ट कर दिया गया। विभागीय कार्यालय में रखे इस खोये पर दाव ठोकने कोई व्यापारी नहीं पहुंचा, जिसके बाद टीम ने यह कदम उठाया। अभियान के तहत टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान भंडारों के निर्माण स्थलों और स्टोर रूम का जायजा लिया बाबूलाल चौराहा स्थित गुप्ता स्वीट भंडार व चौरसिया मिष्ठान भंडार, कचहरी तिराहा स्थित बासू स्वीट हाउस, बोडेराम हलवाई एंड सन्स तथा लक्ष्मी स्वीट हाउस। इन स्थानों पर रख-रखाव और मिठाइयों की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया ठीक मिली। खाद्य विभाग की टीम ने सभी व्यापारियों व दुकानदारों को चेतावनी दी है कि रक्षाबंधन के त्यौहार पर मिलावटखोरी पाई गई तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। विभाग ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और गुणवत्तायुक्त सामग्री बेचने के कड़े निर्देश दिए हैं।


No comments:
Post a Comment