जलभराव से जननतारा प्राथमिक स्कूल की शिक्षा व्यवस्था धड़ाम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 11, 2026

जलभराव से जननतारा प्राथमिक स्कूल की शिक्षा व्यवस्था धड़ाम

विद्यालय पहुंचने में कठिनाईयों का करना पड़ रहा सामना

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद  । विजयीपुर विकास खंड क्षेत्र के जननतारा प्राथमिक स्कूल में बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। स्कूल परिसर और आसपास पानी भर जाने से छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश होते ही स्कूल के आसपास पानी जमा हो जाता है। रास्ते में जलभराव होने के कारण छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है। कई बार बच्चे पानी से होकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर होते हैं। इससे उनके कपड़े और किताब-कॉपियां भीगने का खतरा बना रहता है। अभिभावक भी बच्चों को स्कूल भेजने में चिंता महसूस करते हैं। गांव के प्रदीप तिवारी, छोटू, रामनरायण

जलभराव में घुसकर निकलते स्कूली बच्चे।

समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है। प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में स्कूल के आसपास जलभराव हो जाता है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई दिनों तक पानी जमा रहता है। इससे विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के साथ शिक्षकों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई। जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा विद्यालय तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से विद्यालय परिसर और रास्ते से जलभराव दूर कराने के साथ ही नाली निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा से जुड़ी समस्या को देखते हुए इस मामले में जल्द कार्रवाई जरूरी है। यदि समय रहते जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रभावित होने की आशंका है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages