पंचायत भवनों में आकार ले रहीं डिजिटल लाइब्रेरी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 30, 2026

पंचायत भवनों में आकार ले रहीं डिजिटल लाइब्रेरी

डीपीआरओ ने आठ गांवों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

धाता, फतेहपुर, मो शमशाद । गांवों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने और ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की दौड़ से निजात दिलाने की कवायद तेज हो गई है। विकास खंड धाता के पंचायत भवनों में तैयार की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी रमाशंकर वर्मा ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पंचायत भवनों में पहुंचकर लाइब्रेरी की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीपीआरओ ने सेमरहटा, घोसी, उमरा, अढ़ौया, मखौवा, सरवनपुर, नेदौरा और किशुनपुर चिरई गांवों में पहुंचकर डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाएं देखीं।

डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ते बच्चे।

उन्होंने किताबों, फर्नीचर, बैठने एवं पढ़ने की व्यवस्था, कंप्यूटर समेत अन्य डिजिटल संसाधनों की स्थिति का निरीक्षण किया। संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का बेहतर और सुविधाजनक माहौल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। तमाम बच्चे और युवा आर्थिक परिस्थितियों अथवा अन्य कारणों से शहर जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। ऐसे विद्यार्थियों को गांव में ही अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ ने पंचायत सहायकों समेत संबंधित कर्मचारियों को डिजिटल लाइब्रेरी की नियमित देखरेख करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर और अन्य उपकरणों की सुरक्षा के साथ लाइब्रेरी को निर्धारित समय पर खोला जाए, ताकि विद्यार्थी नियमित रूप से इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages