बारिश ने छीनी गरीब की छत, कच्चा मकान क्षतिग्रस्त - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 30, 2026

बारिश ने छीनी गरीब की छत, कच्चा मकान क्षतिग्रस्त

प्रशासन से आवास व आर्थिक मदद की गुहार

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । लगातार हो रही बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। विकास खंड विजयीपुर की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में भारी बारिश के चलते पुराने पाल का वर्षों पुराना कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश के पानी और लगातार नमी से मिट्टी की दीवारें कमजोर पड़ गईं और उनमें जगह-जगह दरारें पड़ गईं। मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने अब सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है।

बारिश के कारण गिरे कच्चे मकान का दृश्य।

बताया गया कि पुराने पाल का परिवार लंबे समय से इसी कच्चे मकान में रह रहा था। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें पानी सोखने लगीं। रविवार को मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार अपने घरेलू सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने और रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण वह खुद मकान की मरम्मत कराने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में बारिश के बीच परिवार को कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका सता रही है। ग्रामीणों के मुताबिक बरसात के मौसम में गांव के कई कच्चे मकान खतरे की जद में हैं। लगातार बारिश होने से मिट्टी की दीवारें कमजोर हो रही हैं और कभी भी हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में क्षतिग्रस्त और जर्जर मकानों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही पात्र परिवारों को राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई है। मामले में खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलने पर ग्राम सचिव को मौके पर भेजा गया है। पीड़ित परिवार की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

सोनारी गांव में भी गिरा कच्चा मकान, गृहस्थी दबी

धाता, फतेहपुर। विकास खण्ड धाता क्षेत्र के सोनारी गांव में शनिवार रात हुई तेज बरसात के दौरान विजय कुमार का कच्चा मकान भर भराकर गिर गया। मकान गिरने से घर में रखा लकड़ी का सामान, बिस्तर, अनाज समेत गृहस्थी का काफी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग मकान के दूसरे हिस्से में थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। विजय कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें पहले से ही कमजोर हो गई थीं। उन्होंने बताया कि परिवार के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है। यदि आने वाले दिनों में इसी तरह तेज बरसात होती रही तो परेशानी और बढ़ सकती है। पीड़ित ने प्रशासन से मकान गिरने से हुए नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता दिलाने व आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages