अतिवृष्टि और बाढ़ से 160 गांव की फसलों को नुकसान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, September 3, 2026

अतिवृष्टि और बाढ़ से 160 गांव की फसलों को नुकसान

अधिकारियों ने किया गांवों का निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले में अतिवृष्टि एवं बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी ने गुरुवार को कर्वी ब्लॉक क्षेत्र के रसिन गांव सहित दर्जनों प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर धान, अरहर, तिल, उड़द, मूंग सहित अन्य फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। जहां पांचों ब्लाक में कुल 160 गांव अतिवृष्टि व बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खेतों में पानी भरा मिला, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर फसल नुकसान, खेतों में जलभराव और बाढ़ के प्रभाव की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण फसलें प्रभावित हुई हैं तथा


कई खेतों में फसलें खराब होने की आशंका बनी हुई है। उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता और जिला कृषि अधिकारी आर के वर्मा ने संबंधित कृषि विभाग के कर्मचारियों को प्रभावित फसलों का सही ढंग से आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। अधिकारियों के निरीक्षण से किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। कृषि विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी ब्लाक क्षेत्र में कुल 62 गांव,कर्वी ब्लॉक क्षेत्र में 43 गांव,रामनगर ब्लॉक क्षेत्र में 27 गांव, मऊ ब्लाक क्षेत्र के 14 गांव, मानिकपुर ब्लाक क्षेत्र के 14 गांव अतिवृष्टि व बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा अन्य गांवों में नुकसान के अंतिम आकलन के बाद शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी कृषि डॉ रंजीत सरोज, एटीएम गोविन्द सोनकर, किसान विनय मिश्रा, अरविन्द कुमार, विश्व बिहारी, मुकेश, अनुसूइया आदि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages