जेब खर्च से जुटाई राहत सामग्री
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिला प्रशासन के साथ सामाजिक संगठनों और युवा समाजसेवियों की ओर से भी लगातार राहत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षक हेमंत कुमार वर्मा की पुत्री अदिती वर्मा ने गुरुवार को अपने साथियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया। उन्होंने तरौंहा, बहादुरपुर, गोबरिया, मलकाना और सीतापुर क्षेत्र में करीब 300 भोजन के पैकेट वितरित किए।
राहत सामग्री लेकर प्रभावित बस्तियों में पहुंचे युवाओं ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से उनकी स्थिति की जानकारी ली और उन्हें भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए। अचानक आई बाढ़ और लगातार बारिश के कारण कई परिवारों के सामने भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में युवाओं की इस पहल से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिली। अदिती वर्मा एवं उनके साथियों गौरांश गोयल, राजेश्वरी अग्रवाल, प्रभु अग्रवाल, दिव्यांश वर्मा, हरि अग्रवाल, उर्वशी, मानवी, नव्या, अभिषेक और अमन अग्रवाल ने बताया कि राहत सामग्री के लिए किसी संस्था या बाहरी सहयोग पर निर्भर रहने के बजाय उन्होंने अपने घर से मिलने वाले जेब खर्च की राशि को एकत्र किया। इसी धनराशि से भोजन के पैकेट तैयार कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वितरित किए गए। युवाओं ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उनका उद्देश्य प्रभावित परिवारों तक यथासंभव तत्काल मदद पहुंचाना है। युवाओं की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय छोटी-सी मदद भी पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत बन जाती है।

No comments:
Post a Comment