एसपी ने दिए जांच व एफआईआर के आदेश
बांदा, के एस दुबे । खाद-बीज का लाइसेंस दिलाने और व्यवसाय शुरू कराने का झांसा देकर एक किसान से 2.70 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम ओरहा निवासी किसान चंद्रभूषण तिवारी के अनुसार, 19 जून 2023 को बिसंडा थाना क्षेत्र के भदावल निवासी रमेश कुमार साहू अपने साथी समर प्रताप सिंह निवासी पिपरहरी, पैलानी और सुधीर पांडेय के साथ उनके पास आया। रमेश ने खुद को कंपनी का अधिकारी
बताया और खाद-बीज का व्यापार शुरू कराने का लालच दिया। तीनों ने कंपनी के जरिए लाइसेंस और खाद-बीज उपलब्ध कराने के एवज में 2.70 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित किसान ने व्यापार शुरू करने के लिए बताए गए कंपनी के खाते में 2.70 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी उसे कंपनी के सीईओ मानवेंद्र सिंह पटेल के पास ले गए, जिसने लाइसेंस जारी होने में समय लगने की बात कही। महीनों तक कंपनी के चक्कर लगवाने के बावजूद न तो लाइसेंस मिला और न ही खाद-बीज की सप्लाई की गई।
आरोप है कि जब किसान ने अपने पैसे वापस मांगे, तो मानवेंद्र सिंह पटेल, रमेश साहू, सुधीर पांडेय और समर प्रताप सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित का यह भी कहना है कि इन लोगों ने इलाके के अन्य कई लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की है। पीड़ित चंद्रभूषण तिवारी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर हड़पे गए 2.70 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


No comments:
Post a Comment