चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत तीन स्थानों पर निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। जिनमें नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही संक्रामक रोगों से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित शिविरों में कुल 454 नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिनमें परिक्रमा मार्ग खोही में लगे शिविर में 128 लोगों का स्वास्थ्य
परीक्षण किया गया। वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक बरगढ़ में 221 तथा दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट में 105 नागरिकों को चिकित्सा सेवाएं मिलीं। शिविरों में चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और दवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान लोगों को बीमारी से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने तथा नियमित दिनचर्या रखने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में डॉ. प्रीती झा, डॉ. राजेश पांडेय, डॉ. अर्जुन मौर्य, नीरज कुमार, फार्मासिस्ट सुशील सिंह, योग प्रशिक्षक पंकज पटेल सहित अन्य कर्मचारियों ने सेवाएं दीं।


No comments:
Post a Comment