बिजली कटौती और सुरक्षा की समस्याओं पर व्यापारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 29, 2026

बिजली कटौती और सुरक्षा की समस्याओं पर व्यापारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

बिजली ट्रिपिंग से मशीनें ठप, रात में नशेड़ियों का डेरा

विद्युत ट्रिपिंग और अघोषित कटौती से ठप हुआ उत्पादन

बांदा, के एस दुबे । जिला औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर कारोबारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र घोषित होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित होने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और सभी समस्याओं के शीघ्र व स्थायी समाधान की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में कारखानों और औद्योगिक इकाइयों के निर्बाध संचालन के लिए 24 घंटे बिजली की आवश्यकता होती है। लेकिन आए दिन होने वाली अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिपिंग के कारण कारखानों की मशीनें अचानक बंद हो जाती हैं। इससे न केवल उत्पादन


कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, बल्कि महंगी मशीनों के खराब होने से कारोबारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। कारोबारियों ने दुख जताया कि पूर्व में भी इस संबंध में जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ज्ञापन में औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई।क्षेत्र में नियमित पुलिस पिकेट और पेट्रोलिंग न होने से रात के समय असामाजिक तत्वों एवं नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। देर रात काम करने वाले व्यापारियों और कर्मचारियों में डर का माहौल बना रहता है। कारोबारियों ने क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने और नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छता की अनदेखी पर भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि क्षेत्र में कचरे का निस्तारण और नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। व्यापारियों का कहना है कि यदि प्रशासन बिजली, सुरक्षा और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त कर दे, तो क्षेत्र में नए उद्योगों और व्यापार को बड़ा प्रोत्साहन मिल सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान कराने की अपील की।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages