किसान महापंचायत में गरजे राकेश टिकैत
बांदा, के एस दुबे । भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में बांदा मंडी परिसर में विशाल श्किसान महापंचायतश् का आयोजन किया गया। महापंचायत में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बुंदेलखंड के किसानों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने सरकार के सामने बुंदेलखंड के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग के साथ किसानों के कर्ज माफ करने तथा मुफ्त शिक्षा और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा रखा। टिकैत ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र को मिलाकर एक ऑर्गेनिक बोर्ड का गठन किया जाना चाहिए। लगातार प्राकृतिक
आपदाओं और आर्थिक संकट से जूझ रहे इस क्षेत्र को विशेष पैकेज की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने बुंदेलखंड के खनिज संसाधनों का मुद्दा उठाते हुए मांग की कि यहाँ से मिलने वाले खनिज राजस्व का कम से कम 40 फीसदी हिस्सा स्थानीय विकास पर ही खर्च किया जाए, ताकि सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को मजबूत किया जा सके।
किसानों की पूर्ण कर्ज माफी पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को आर्थिक राहत नहीं मिलेगी और मुफ्त शिक्षा-चिकित्सा की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक क्षेत्र से होने वाले पलायन को रोकना संभव नहीं है। बुंदेलखंड में उत्पादित होने वाले मोटे अनाजों की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग करने तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय किसानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य मिल सके। महापंचायत के दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों और बीकेयू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने स्पष्ट किया कि संगठन किसानों के हक और बुंदेलखंड के अधिकारों की लड़ाई को पीछे नहीं हटने देगा। उन्होंने मांगों को लेकर संघर्ष निरंतर जारी रखने का संकल्प जताया।


No comments:
Post a Comment