तिंदवारी की गौशालाओं में अव्यवस्था का आरोप, सेमरी में तीन गोवंश मृत मिलने का दावा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 29, 2026

तिंदवारी की गौशालाओं में अव्यवस्था का आरोप, सेमरी में तीन गोवंश मृत मिलने का दावा

बांदा, के एस दुबे । तिंदवारी ब्लॉक की अस्थाई गौशालाओं में अव्यवस्थाओं को लेकर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में टीम ने मुंगुस, सेमरी और गोखरही ग्राम पंचायतों की गौशालाओं का निरीक्षण किया। संगठन का दावा है कि निरीक्षण के दौरान सेमरी गौशाला में तीन गोवंश मृत मिले, जबकि दो गोवंश गंभीर हालत में पाए गए। संगठन के अनुसार, मुंगुस ग्राम पंचायत की गौशाला में गोवंशों को केवल सूखा भूसा दिया जा रहा था। यहां एक गोवंश गंभीर अवस्था में मिला, जिसके उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया गया। सेमरी ग्राम पंचायत की गौशाला में तीन


गोवंश मृत और दो गंभीर रूप से बीमार मिलने का दावा किया गया। संगठन के मुताबिक गौशाला की चरही खाली थी और परिसर में गंदगी व अव्यवस्था का आलम था। कर्मचारियों ने ग्राम पंचायत सचिव को कई बार जानकारी देने की बात बताई, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया गया।

वहीं गोखरही ग्राम पंचायत की गौशाला में एक भी गोवंश नहीं मिलने तथा परिसर में घुटनों तक पानी भरा होने का दावा किया गया। संगठन ने पिछले वर्ष ठंड के दौरान 80 हजार रुपये के रूम हीटर लगाए जाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए मौके पर हीटर नहीं मिलने की बात कही। विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गौशालाओं के लिए जारी सरकारी धन के बावजूद व्यवस्थाओं की स्थिति खराब है। संगठन ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा। निरीक्षण के दौरान राज दीक्षित, हर्ष दीक्षित और देवेंद्र कोहली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages