तिंदवारी / बांदा, के एस दुबे । कस्बे के बबेरू रोड स्थित बुधन तालाब में नगर पंचायत तिंदवारी की ओर से करीब छह लाख रुपये की लागत से वर्ष 2024 में बनवाई गई रिटेनिंग वॉल लगातार हो रही बारिश के बीच भरभराकर गिर गई। महज एक साल में ही लाखों की दीवार के ढह जाने से नगर पंचायत के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जाता है कि बुधन तालाब के किनारे मिट्टी के कटान और पानी के दबाव को रोकने के उद्देश्य से इस रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से कराया गया होता तो इतनी कम अवधि में दीवार नहीं गिरती। पहली ही बरसात में दीवार पानी का दबाव नहीं झेल सकी और ब्लॉक टूटकर तालाब में समा गए। मौके पर जगह-जगह दरारें और बिखरे हुए मलबे निर्माण में बरती गई लापरवाही की गवाही दे रहे हैं।
जिम्मेदारों ने झाड़ा पल्ला
इस संबंध में जब नगर पंचायत प्रतिनिधि रमेश चंद्र साहू से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें रिटेनिंग वॉल गिरने की जानकारी ही नहीं है। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी लल्लन राम यादव ने कुछ भी कहने से इंकार करते हुए कहा कि “मैं किसी भी प्रकार का वर्जन देने के लिए अधिकृत नहीं हूं।” जिम्मेदार अधिकारियों के इस रवैये से स्थानीय लोगों में और अधिक आक्रोश है।
ग्रामीणों ने जांच की मांग की है।
छह लाख रुपये की लागत से बनी दीवार के एक साल के भीतर गिरने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी बांदा से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच और दोषी ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment