मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 28, 2026

मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

विरोध जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, तहसील पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के देशव्यापी आह्वान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करवरिया लॉज से विशाल विरोध जुलूस निकाला और केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन की शुरुआत करवरिया लॉज से हुई। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए काली देवी चौराहा, बस स्टैंड, धनुष चौराहा और पटेल तिराहा पहुंचे। इसके बाद जुलूस तहसील परिसर


पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, चुनाव आयोग की निष्पक्षता बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। तहसील परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कांग्रेस के पूर्व महासचिव कुंवर पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में चुनावी निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों की जवाबदेही तय होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।


जिलाध्यक्ष ने प्रदर्शन में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह लड़ाई राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में जारी रहेगी। जिला उपाध्यक्ष रंजना बराती लाल पांडेय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह चौहान, कामता प्रसाद द्विवेदी, कालीचरण राजपूत, रामकृपाल वर्मा, विजय मणि त्रिपाठी, राजेश सिंह, यमुना शुक्ला, अतुल राजपूत, अरविंद पांडेय, अरुण गुप्ता, रावेंद्र सिंह, प्रेमीलाल सोनकर, नीतू सिंह, चंद्रशेखर सिंह, शिवशंकर खंगार, सत्यनारायण कोल, इंद्रपाल कोल, इंद्रजीत उपाध्याय, रामेश्वर यादव, कुलदीप द्विवेदी, ललक पाल, नरेंद्र यादव, दयाशंकर निषाद, श्रवण कुमार निषाद, दीपक सिंह वेलाश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages