अत्यधिक बारिश से शहर की सड़कें हुईं बदहाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 26, 2026

अत्यधिक बारिश से शहर की सड़कें हुईं बदहाल

बड़े-बड़े गड्ढों में गिर रहे ई-रिक्शा, सवारियां हो रहीं चोटहिल

जिम्मेदार विभाग की अनदेखी से बढ़ी परेशानी, बांदा-सागर मार्ग की हालत सबसे खस्ता

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर अब शहर की सड़कों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बारिश के पानी व जलभराव के चलते शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों की हालत बदहाल हो गई है। कई स्थानों पर सड़कें टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही ई-रिक्शा चालकों और उनमें सवार यात्रियों को हादसे का खतरा बना हुआ है।

बांदा-सागर मार्ग पर गड्ढे में पलटे रिक्शे से सवारियों को निकालते लोग।

शहर के कई इलाकों में सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है। ई-रिक्शा के छोटे पहिए गड्ढों में पड़ते ही वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और उसमें बैठी सवारियां झटका लगने से चोटिल हो जाती हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते। शनिवार दोपहर हल्की बारिश के बीच पीरनपुर इलाके में सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान ई-रिक्शा में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ई-रिक्शा को उठाया और उसमें फंसी सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में सवारियों को मामूली चोटें आने की बात सामने आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि समय रहते सड़क के गड्ढों को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। शहर से होकर गुजरने वाले बांदा-सागर मार्ग समेत कई प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही व लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने को लेकर संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। बारिश के दौरान सड़कों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages