कच्चा मकान ढहने से दो भाई मलबे में दबे, एक की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 26, 2026

कच्चा मकान ढहने से दो भाई मलबे में दबे, एक की मौत

बड़ा भाई गंभीर, चार बजे सुबह गोपालपुर गांव में हुआ हादसा

मवेशियों को चारा देने बाहर गई थी मां, पीछे से भरभराकर ढह गई छत

आवास योजना का लाभ न मिलने पर ग्रामीणों में लेखपाल के खिलाफ आक्रोश

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शनिवार तड़के करीब चार बजे बारिश से कमजोर हुआ कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय कमरे में सो रहे दो भाई मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आठ वर्षीय आनंद सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका 11 वर्षीय बड़ा भाई गुड्डू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बारिश के कारण ढहे कच्चे मकान का दृश्य।

ऐरायां ब्लॉक के गोपालपुर गांव निवासी रावेंद्र सिंह गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी नीतू सिंह अपने दोनों बेटों गुड्डू व आनंद के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं। शनिवार तड़के करीब चार बजे नीतू सिंह दोनों बच्चों को कमरे में सोता छोड़कर मवेशियों को चारा डालने के लिए बाहर चली गईं। करीब बीस मिनट बाद ही अचानक कच्चे मकान की छत भरभराकर ढह गई। तेज आवाज सुनकर नीतू की चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आठ वर्षीय आनंद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में गुड्डू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक आनंद गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने लेखपाल पर लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के बावजूद आवास योजना के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन पात्रता के बावजूद परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की है।

एसडीएम ने मामले का लिया संज्ञान

हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम अश्वनी पांडेय ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर मकान गिरने से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और आर्थिक मदद दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages