बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर जानी हकीकत
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति का जायजा लेने के लिए उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने बुधवार को प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने पहाड़ी ब्लॉाक क्षेत्र के ग्राम अरक्षा, बरेठी, सरधुवा, सुरसेन और अशोह पहुंचकर खेतों में खड़ी फसलों की स्थिति देखी तथा किसानों से नुकसान की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अरहर, तिल, उड़द और मूंग की फसलें अतिवृष्टि और जलभराव से प्रभावित मिलीं। खेतों में पानी भरने के कारण फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित फसलों का
स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कृषि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का गांव वार सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए। साथ ही किसानों को शासन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की टीम अब प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का आंकलन करेगी। अतिवृष्टि से हुए नुकसान को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है, वहीं प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से प्रभावित फसलों के सर्वे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी कृषि शारदा प्रसाद, टीए आनंद किशोर गुप्ता आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment