अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण बढ़ाई गई तिथि
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : भारी बारिश के चलते आवागमन में उत्पन्न हुई बाधाओं को ध्यान में रखते हुए जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय ने प्रवेश तिथि बढ़ा दी है। जिसके बाद अब विद्यार्थियों को आगामी सात सितम्बर तक विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने का मौका दिया गया है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के प्रवेश समिति के संयोजक डॉ हरिकांत मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त थी, किंतु अतिवृष्टि के कारण देश के विभिन्न प्रवेशों एवं शहरों में बाढ़ आपदा का संकट आने के कारण तमाम प्रवेशार्थी यहां आने से वंचित हो रहे है। इसके चलते काउंसलिंग/प्रवेश की तिथि सात सितम्बर सोमवार तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए अब तक 3,200 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। कुलपति डॉ शिशिर पाण्डेय एवं रजिस्ट्रार मधुरेन्द्र कुमार पर्वत के मार्गदर्शन में लगातार विश्वविद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है और
विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया जाता है। साथ ही विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापक व कर्मचारियों द्वारा सकारात्मक सोच के साथ शैक्षणिक एवं रचनात्मक वातावरण तैयार किया गया है। इसके चलते इस वर्ष अब तक बी.ए. में सबसे ज्यादा 475 प्रवेश हुए है। इसी प्रकार बी.सी.ए. में 215, एम.बी.ए. में 120, बी.एड. में 100, बी.बी.ए. में 68, बी.कॉम. में 67, पी.जी.डी.सी.ए. व एम.सी.ए. में 52-52 के अलावा बी.एफ.ए., बी.पी.ए., बी.एस.डब्ल्यू., एम.एस.डब्ल्यू. एम.एड. समेत एम.ए. के विभिन्न पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए है। अब तक कुल 3,240 प्रवेश में से 1,562 प्रवेश नए हुए है। इनमें उत्तर प्रदेश के 1293 और अन्य प्रांतों के 269 विद्यार्थी शामिल है।


No comments:
Post a Comment