चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : भाद्रपद अमावस्या मेले में लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक पीएसी प्रयागराज अनुभाग धर्मवीर सिंह ने रामघाट क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों को ब्रीफ कर मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। आईजी ने अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय के साथ रामघाट पर तैनात पीएसी और फ्लड कंपनी के जवानों के ड्यूटि प्वाइंट तथा ड्यूटि रजिस्टर की जांच की। घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों, लाइफ जैकेट, ट्यूब और बचाव उपकरणों
की उपलब्धता भी देखी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों, नियंत्रण कक्ष और लाउड हेलर सिस्टम का निरीक्षण किया। आईजी पीएसी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटि करने तथा श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार के निर्देश दिए। स्नान घाटों पर भीड़ को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं को बारी-बारी से सुरक्षित स्नान कराने और गहरे पानी में जाने से रोकने को कहा। फ्लड कंपनी को 24 घंटे अलर्ट रहने के साथ अफवाहों और संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। कहा कि ड्यूटि में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment