पूर्व सैनिकों की मासिक बैठक में साइबर क्राइम टीम ने बताए ठगी से बचने के तरीके
फतेहपुर, मो शमशाद । साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच पूर्व सैनिकों को जागरूक करने के लिए पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक में साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। ईएस कोचिंग सेंटर में कैप्टन भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में साइबर क्राइम इंस्पेक्टर विद्या देवी यादव, सब इंस्पेक्टर प्रभांशु शुक्ला और हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय ने पूर्व सैनिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए।
![]() |
| पूर्व सैनिकों की मासिक बैठक को संबोधित करते वक्ता। |
साइबर क्राइम टीम ने बताया कि किसी होटल, टैक्सी या एजेंसी का मोबाइल नंबर गूगल अथवा यूट्यूब से सीधे सर्च कर संपर्क करने से बचना चाहिए। साइबर ठग कई बार इन प्लेटफार्मों पर फर्जी नंबर डालकर रखते हैं। इनके जरिए संपर्क करने पर लोग ठगी का शिकार हो सकते हैं। इसी तरह साइबर ठग व्हाट्सएप ग्रुप में सेंध लगाकर एपीके फाइल भेजते हैं, जो कई बार सामान्य तौर पर दिखाई नहीं देती। इस फाइल के माध्यम से मोबाइल का डाटा चोरी किया जा सकता है। इससे बचने के लिए एम-कवच 2.0 एप डाउनलोड करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि अनजान नंबर से आने वाली कॉल को अधिक देर तक न चलाएं। ठग बातचीत के दौरान पीड़ित को कॉन्फ्रेंस कॉल में जोड़कर ओटीपी हासिल कर सकते हैं और इधर व्यक्ति को बातों में उलझाए रखते हैं, जबकि दूसरी ओर खाते से रकम निकाली जा सकती है इसलिए अनजान नंबर की कॉल को तत्काल काट देना ही बेहतर है। साइबर टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। बैठक में समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने साइबर क्राइम टीम का आभार जताते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की प्रत्येक बैठक में जनपद के किसी न किसी अधिकारी को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिकों को समय-समय पर नई जानकारियां मिलती रहें और वे साइबर अपराध से बचने के साथ ही समाज व अपने क्षेत्र में उन्नति की दिशा में आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर बालकृष्ण अवस्थी, जागृति तिवारी, सुनीता यादव, सुमन मौर्य, राजेश शुक्ला, प्रेम सागर शुक्ला, उदयभान सिंह, चिंतामणि द्विवेदी, अशोक कुमार यादव, प्यारेलाल, एसपी मिश्रा समेत करीब एक सैकड़ा पूर्व सैनिक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment