36 ग्राम पंचायतें प्रभावित, अब तक तीन हजार राहत किट वितरित
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : लगातार बारिश के बाद जिले में आई बाढ़ का पानी अब धीरे-धीरे कम होने लगा है, लेकिन प्रभावित गांवों में राहत और पुनर्वास का काम जारी है। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने के साथ क्षति का सर्वे तेज कर दिया है। गुरुवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पहाड़ी क्षेत्र के अरछा बरेठी, केवटन पुरवा और कुशवाहा पुरवा में करीब 240 राहत किट और 250 लंच पैकेट वितरित किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त की भारी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ने से जिले के करीब 36 ग्राम पंचायतें प्रभावित हुई थीं। कई गांवों के संपर्क मार्ग भी बाधित हुए। एसडीआरएफ और पीएसी की मदद से प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क स्थापित कराया गया तथा जरूरत के अनुसार खाद्य सामग्री पहुंचाई गई। अब तक करीब तीन हजार राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। इतनी ही अतिरिक्त राहत सामग्री भी प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि बाढ़ और अतिवृष्टि से मकान, फसल अथवा अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर पात्र परिवारों को शासन के नियमानुसार राहत एवं सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी और एसपी ने ग्राम सचिवालय में ठहरे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्राम प्रधान को भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने बताया कि ग्राम पंचायत बराछी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 167 आवास स्वीकृत हुए हैं। संबंधित लाभार्थियों के खातों में जल्द धनराशि भेजी जाएगी। प्रशासन ने कहा कि राहत के साथ प्रभावित परिवारों को स्थायी सहारा देने पर भी काम किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, उपजिलाधिकारी राजापुर पूजा गुप्ता सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment