पिता और दो बच्चों ने गंवाई जान
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले में बाढ़ जैसे हालात के बीच सदर विकासखंड के बराछी गांव में कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना तथा हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस हादसे में मकान स्वामी कल्लू यादव (32), उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश और एक वर्षीय दुधमुंही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही उनकी पत्नी कुंता देवी (30) और चार वर्षीय पुत्री अंशिका घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने
घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। डीएम ने चिकित्सकों को दोनों घायलों की विशेष निगरानी रखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने पीड़ित परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि परिवार के रहने के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। बच्चों की शिक्षा तथा पात्रता के अनुसार पेंशन समेत अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिन परिवारों के मकान पहाड़ों अथवा पहाड़ी ढलानों से सटे हुए हैं, वे बारिश के दौरान एहतियात के तौर पर ग्राम सचिवालय अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। जिला प्रशासन ने घटना के बाद राहत एवं सहायता की कार्रवाई प्राथमिकता पर शुरू कर दी है। बाढ़ की स्थिति ने ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


No comments:
Post a Comment