एसडीएम ने घर-घर पहुंचकर किया जागरूक, 41 नए मतदाताओं के भरे फार्म - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 22, 2026

एसडीएम ने घर-घर पहुंचकर किया जागरूक, 41 नए मतदाताओं के भरे फार्म

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मतदाता सूची को अद्यतन करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मताधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत घर-घर संपर्क किया जा रहा है। जिसके क्रम में राजापुर उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता ने गुरुवार को डोर-टू-डोर अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। अभियान के दौरान विधानसभा क्षेत्र 237 के बूथ संख्या 12 और 13 तथा विधानसभा क्षेत्र 236 के बूथ संख्या 79 पर नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए कुल 41 फार्म-6 भरवाए गए। इनमें 24


महिला और 17 पुरुष मतदाता शामिल हैं। फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया जाता है। बताया कि अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को सूची से जोड़ना है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। एसडीएम ने घर-घर पहुंचकर लोगों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी और बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के अधिकार का उपयोग करने के लिए जरूरी है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को विशेष रूप से पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार के पात्र सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।


निर्वाचन संबंधी विशेष अभियान 24 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत बूथ स्तर पर मतदाता जागरूकता और पंजीकरण संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से आवेदन भरवाने और मतदाता सूची की जांच करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages