बालिकाओं को बताए अधिकार, महिला सुरक्षा और साइबर हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत जेपी सिंह बालिका इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, चित्रकूट पुलिस की साइबर सेल और भानु प्रभात फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल विवाह रोकने, साइबर अपराधों से बचाव और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) प्रगति गुप्ता ने छात्राओं से संवाद कर उनका कुशल-क्षेम जाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि आसपास किसी ऐसी बालिका का विवाह कराया जा रहा है, जिसकी उम्र 18 वर्ष से कम है, तो जिम्मेदार नागरिक होने के नाते इसकी सूचना संबंधित हेल्पलाइन पर दें। बाल विवाह रोकना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को सरकारी हेल्पलाइन नंबरों और संबंधित वेबसाइटों की जानकारी रखने तथा जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके
चित्रकूट पुलिस की साइबर सेल के प्रशांत कुमार ने छात्राओं को साइबर फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और प्राइवेसी का विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सभी थानों में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण में सहायता करती हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के पंपलेट वितरित किए गए। छात्राओं को किसी भी समस्या की स्थिति में बिना भय के हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने, आत्मनिर्भर बनने और निर्भीक होकर शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया गया।
डेढ़ सौ छात्राओं ने लिया भाग
कार्यक्रम में भानु प्रभात फाउंडेशन के ट्रस्टी भानु प्रताप, रोहित खरे, जेएम सिंह बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य दीक्षा सिंह, जेएम आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अनूप श्रीवास्तव, चाइल्ड हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर विशेष कुमार त्रिपाठी, डीएमसी हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की प्रिया माथुर तथा साइबर सेल के प्रशांत कुमार, आदित्य सिंह और सुनील सिंह सहित लगभग 150 छात्राएं उपस्थित रहीं।
इनसेट: छात्राओं को बताए गए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला, बालिका और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
- - 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- - 1090 — वीमेन पावर लाइन
- - 181 — महिला हेल्पलाइन
- - 112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
- - 102 — गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस
- - 108 — एंबुलेंस सेवा
- - 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
- - 101 — अग्निशमन सेवा
- - 1930 — साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन
- - www.cybercrime.gov.in — साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत के लिए पोर्टल


No comments:
Post a Comment