बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू तहसील सभागार मे शनिवार को उप जिलाधिकारी अवनीश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को निस्तारण के निर्देश दिए। बता दें कि शनिवार की सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बबेरू तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से कुल 74 फरियादियों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपे। इनमें से 8 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष 66 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, विद्युत, जलकल और समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। वहीं उप जिलाधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। कहा की स्वयं उपस्थित न हो पाने पर अपने अधिकृत अधिकारी को भेजना सुनिश्चित करें। इस मौके पर तहसीलदार राधेश्याम सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी, न्यायिक तहसीलदार राममोहन कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment