चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : रामलीला और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार को स्टेशन रोड और पुरानी बाजार कर्वी स्थित रामलीला स्थलों का निरीक्षण कर सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन की रामलीला समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और गुलाब गुप्ता ने बताया कि यहां करीब 85 वर्षों से रामलीला का आयोजन हो रहा है। जिसमें प्रतिदिन रात नौ से 12 बजे तक मंचन होता है, जिसका समापन दशहरा पर होगा। इस दौरान समिति के सदस्यों ने डीएम-एसपी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसी प्रकार पुरानी बाजार में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजकिशोर ने बताया कि नगर पालिका
की ओर से 165वें रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। डीएम ने निर्देश दिए कि रामलीला स्थलों में अच्छी तरह से सफाई व प्रकाश रहनी चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके बाद डीएम और एसपी ने बेड़ी पुलिया स्थित दुर्गादास तालाब का औचक निरीक्षण कर मूर्ति विसर्जन की तैयारियां देखीं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्वी राजकिशोर को निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक सभी विसर्जन स्थलों पर आवश्यक तैयारियां और सिविल कार्य पूरे करा लिए जाएं, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक कंचन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment