बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति की बैठक में अधिकारियों ने दिया सहयोग का आश्वासन,
ध्वनि प्रदूषण रोकने और विसर्जन घाट दुरुस्त कराने पर जोर
बांदा, के एस दुबे । आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडपम मैरिज हॉल में बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने की। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत विभाग, जल संस्थान तथा विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सफाई, सड़क और नालियों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा विसर्जन घाट की व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कराने की मांग उठाई गई।
सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
बैठक में दुर्गा पूजा पंडालों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि कई मोहल्लों में सड़कें खराब हैं, नालियां टूटी हुई हैं और जगह-जगह गंदगी जमा है। ऐसे में महोत्सव से पहले सफाई अभियान चलाने तथा सड़कों और नालियों की मरम्मत कराने की मांग की गई। इसके साथ ही बिजली कटौती पर रोक लगाने, नीचे लटक रहे बिजली के तारों को ठीक कराने और जल संस्थान से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। महिलाओं की सुरक्षा और भारी वाहनों पर प्रतिबंध का मुद्दा
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि सुबह लगभग तीन बजे से ही महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगती हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना जरूरी है।
इसके अलावा महोत्सव के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, मदिरा की दुकानों को दस दिनों तक बंद रखने तथा आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने की मांग भी उठाई गई।
मधुर ध्वनि में बजाएं भक्ति गीत
समिति के महामंत्री एवं भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने सभी पूजा समितियों से पंडालों में स्वच्छता बनाए रखने और भक्ति गीत मधुर ध्वनि में बजाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान ऐसा वातावरण बनाए रखा जाए, जिससे आमजन, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी न हो तथा ध्वनि प्रदूषण से बचा जा सके। समिति के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे ने कहा कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा बांदा का ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा पर्व है। इसे भव्यता और उत्साह के साथ मनाने के साथ ही अनुशासन तथा प्रशासन के नियमों का पालन करना भी जरूरी है। काली देवी मंदिर के महंत मुन्ना नंद सरस्वती ने आवारा पशुओं की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। वहीं, चंद्र मोहन बेदी ने विसर्जन घाट की व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पर्याप्त समय रहते घाट को दुरुस्त कराया जाए, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
प्रशासन ने दिया सहयोग का भरोसा
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पूजा समिति के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। नगर मजिस्ट्रेट ने भी नगर पालिका, विद्युत विभाग और जल संस्थान से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का प्रयास करने का भरोसा दिया। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकित बसु ने कहा कि नगर पालिका से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पूजा समितियां उनसे संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने आवश्यक कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन संजय काकोनिया ने किया। अंत में सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया बैठक में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, अशोक गुप्ता, बीके सिंह, बड़े भैया, विनोद जैन, गोपाल चंद्र अवस्थी, शिव प्रसाद अवस्थी, मनोज जैन, कमलेश गुप्ता, अवधेश कपूर, राकेश बाजपेई, सुनील सक्सेना, वंदना गुप्ता, रेखा भटनागर, रामाश्रय गुप्ता पप्पू, राकेश गुप्ता दादू, दीपक अवस्थी, अभिषेक पांडे, रमाशंकर राजपूत, लखन राजपूत, जितेंद्र राज साहू, सौरभ गुप्ता, सचिन चौरसिया, बिहारी साहू, अविनाश निगम, मुदित शर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी चंद चौधरी, सीओ सिटी सौरभ सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ, जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी छोटू धुरिया सहित केंद्रीय समिति एवं विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। समिति ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और पूजा समितियों के सामूहिक प्रयासों से बांदा में दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा, भव्यता, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न होगा।


No comments:
Post a Comment