कानपुर, प्रदीप शर्मा - चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में गुरुवार को आयोजित उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ने प्रतिभाग कर कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए कार्यशील मॉडल, कृषि आधारित उत्पाद और आधुनिक तकनीकों से संबंधित प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने संस्थान के स्टॉल का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।किसान मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों, आधुनिक खेती की पद्धतियों, उन्नत कृषि यंत्रों और कृषि आधारित उद्योगों की जानकारी उपलब्ध
कराना है। स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. हिमांशु त्रिवेदी ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को संस्थान के प्रदर्शनी स्टॉल का भ्रमण कराया। उन्होंने स्टॉल पर प्रदर्शित कार्यशील मॉडलों, कृषि आधारित उत्पादों और विद्यार्थियों की ओर से विकसित नवाचारों की जानकारी दी। कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और रचनात्मकता का व्यावहारिक प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करते है। प्रदर्शनी में कार्बन सिक्वेस्ट्रेशन (कार्बन अवशोषण एवं भंडारण) से संबंधित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।


No comments:
Post a Comment