पति समेत ससुरालियों पर मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकालने का आरोप;
पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की
बांदा, के एस दुबे । पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम सवादा निवासी सादिका पत्नी नौसाद पुत्री एजाजुद्दीन ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पांच लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार सादिका का निकाह 24 नवंबर 2021 को बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कछेड़ा निवासी नौसाद पुत्र स्व. सुलेमान के साथ हुआ था। पीड़िता का कहना है कि शादी के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घरेलू सामान, पीतल के बर्तन, बेड-गद्दे सहित अन्य सामान और दहेज दिया था।आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति नौसाद, सास हसीना तथा ननद नसरीना और परवीन ने दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक ससुरालियों ने मोटरसाइकिल न मिलने को लेकर
भी ताने दिए और गाली-गलौज कर परेशान किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति और ससुरालियों ने उसके पिता से पांच लाख रुपये लाने की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पिता रुपये नहीं दे सके। पीड़िता का कहना है कि उसका पति वर्तमान में मुंबई में मजदूरी करता है, लेकिन उसे खर्च के लिए कोई पैसा नहीं भेजता। वहीं सास और ननदों द्वारा उसे घर से निकालने तथा लगातार धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते उसे खाने-पीने और दवा तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उसका आरोप है कि ससुरालियों की प्रताड़ना के कारण उसका वैवाहिक जीवन बर्बाद हो गया है और वह पुनर्वास की स्थिति में पहुंच गई है। पीड़िता ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर पति समेत ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment