बबेरू /बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे के कमासिन स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार की दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट से एक गुमटी में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गुमटी में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे गुमटी के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक , संतोष पटेल पुत्र शिवगोपाल निवासी समसुद्दीनपुर, थाना मरका, कमासिन स्थित पेट्रोल पंप के पास गुमटी में दुकान संचालित करते थे। रविवार की दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गुमटी में रखा गैस सिलेंडर फट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ोसी के अग्निशमन सिलेंडर की मदद से आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक दुकान में रखा फ्रिज, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामग्री और पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। वहीं पीड़ित संतोष पटेल ने बताया कि गुमटी में उनकी पुत्री शीलू की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक की मार्कशीट, आधार कार्ड सहित परिवार के जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। आग में दुकान के सामान के साथ सभी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। गुमटी में आग लगने और सिलेंडर फटने की घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जब तक आग जलती रही, तब तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस अग्निकांड में पीड़ित को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


No comments:
Post a Comment