बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । आकांक्षी विकासखंड बबेरू में मंगलवार को शासन से नामित विशेष सचिव राजस्व विभाग अरुण प्रकाश ने विभिन्न गांवों एवं सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ BDS बी.डी.एस. पर समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष सचिव ने सिमौनी स्थित पीएचसी, सिमौनी व हरदौली गांव के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद ब्लॉक परिसर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने
सीएचसी बबेरू, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और ग्राम पंचायत पतवन का भी भ्रमण किया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, सब सेंटर, जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी, आरआरसी सेंटर एवं एफपीओ सहित विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। वहीं सीएचसी बबेरू में मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आशा संगिनियों ने विशेष सचिव एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें 30 दिनों का मानदेय, भ्रमण के लिए 700 रुपये प्रति विजिट अथवा वाहन की व्यवस्था, 20 प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि तथा खराब मोबाइल के स्थान पर नए मोबाइल देने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं। इस मौके पर सीएचसी डॉक्टर ऋषिकेश सिंह, खंड विकास अधिकारी अभिषेक चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment