खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग की निर्मम हत्या - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, October 11, 2026

खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग की निर्मम हत्या

शरीर पर मिले चोटों के निशान, वारदात की वजह अब भी रहस्य

एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए गठित की टीमें

फतेहपुर, मो शमशाद । असोथर थाना क्षेत्र में बेखौफ हमलावरों ने खेत की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग की हत्या कर सनसनी फैला दी। गड़ेरिया मजरा सातोपीत गांव निवासी करीब 65 वर्षीय सीताराम घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित अपने खेत में बनी कोठरी में मृत मिले। उनके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पाए गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत संबंधित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। बुजुर्ग की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं होने से मामला रहस्य बना हुआ है।

घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

जानकारी के अनुसार सीताराम रात में खेत में बनी कोठरी में सोते थे। वहीं उनका शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी पर संदेह नहीं जताया। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बुजुर्ग की हत्या किसने और किस वजह से की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। एसपी ने बताया कि मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या से संबंधित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए हैं और वारदात के अनावरण के लिए टीमों का गठन किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

सवालों के घेरे में बुजुर्ग की हत्या

गांव से कुछ दूरी पर खेत किनारे बनी कोठरी में सो रहे बुजुर्ग की मौत ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है। शरीर पर चोटों के निशान वारदात को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि, हत्या की वजह व हमलावर के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अब पुलिस की जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages