मानिकपुर, चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। तहसील क्षेत्र की के ऐचवारा गांव में कई दशक से चली आ रही ऐतिहासिक रामलीला के दौरान गुरुवार की रात धनुष यज्ञ लीला का भव्य मंचन हुआ। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामशरण गर्ग ने रामलीला मंचन की परंपरा शुरु कराई थी। इसके बाद इसे लगातार हर साल चलाया जा रहा है। लीला मंचन के दौरान प्रभु श्रीराम ने जैसे ही शिव धनुष तोड़ा, पंडाल जयकारों से गूंज उठा। क्षेत्रीय विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी, एसपी अरुण कुमार सिंह, डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन, पंकज अग्रवाल ने प्रभु श्रीराम की आरती की। रामलीला समिति के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट करके स्वागत किया। एसपी ने कहा कि भगवान श्रीराम के चरित्र का अवलोकन कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। रामराज्य की स्थापना से पहले भरत के त्याग और समर्पण को समझना जरुरी है। राजा दशरथ के चारों पुत्रों का जीवन हमें त्याग, प्रेम, मर्यादा और भाईचारे की सीख देता है। समाज में राज्य और सत्ता के लिए छीना-झपटी की भावना के बजाय
त्याग और सेवा का भाव होना चाहिए। जब लोग इन आदर्शों को अपनाएंगे, तभी सच्चे अर्थों में रामराज्य की स्थापना संभव होगी। विधायक ने कहा कि कि प्रत्येक व्यक्ति को रामचरितमानस के आदर्शों के अनुरूप अपने रिश्तों का निर्वहन करना चाहिए। रिश्तों की गरिमा का सम्मान करने से आपसी विवाद कम होते हैं और परिवार व समाज में प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारा बढ़ता है। अभय महाजन ने कहा कि चित्रकूट प्रभु श्रीराम की तपोस्थली ही नहीं, बल्कि उनकी कर्मस्थली भी है। यहां रहकर अगर हम उनके आदर्शों और कार्यों का अनुशरण नहीं करते हैं तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर सद्मार्ग में चलने पर जोर दिया। लीला मंचन में स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रीराम का अभिनय अभय, लक्ष्मण का सोमदत्त ने अभिनय किया। जबकि रावण की भूमिका अखिलेश शुक्ला व बाणासुर की वेदप्रकाश शुक्ला ने निभाई। जनक का अभिनय अरुण कुमार मुन्नू ने किया। लक्ष्मण-जनक संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने लीला मंचन में विशेष आकर्षण दिखाया। परशुराम की भूमिका रविकांत शुक्ला ने निभाई। हास्य कलाकार के तौर पर समिति के प्रबंधक भास्कर शुक्ला ने दर्शकों को जमकर हंसाया। रामलीला के संरक्षक पूर्व प्रधान त्रिवेणी प्रसाद शुक्ल ने सभी का स्वागत किया। जबकि प्रधान संघ जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ला ने आभार जताया। संचालन वेदप्रकाश शुक्ला ने किया। इस दौरान रामकिशोर मिश्रा, रमाशंकर शुक्ल, जयशंकर द्विवेदी, रवि गुप्ता, श्रीनिवास शुक्ला, श्रवण, विजय शुक्ला, अजय मिश्रा, वेदप्रकाश शुक्ल, संगमलाल शुक्ल, तीरथ तिवारी, डा दिनेश मिश्रा, मुन्ना गौतम, शंकरलाल शुक्ल, रामकिंकर गौतम, बद्री गुप्ता, सोहनलाल शुक्ला, राममंत्र, अमृतलाल जायसवाल, सुनील तिवारी, प्रेम सिंह, केश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment