नए थाना अध्यक्ष के आने के बाद 15 दिनों से खनन जारी होने का आरोप,
किसानों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
ग्रामीणों का आरोप- पुलिस संरक्षण और कथित एंट्री के बिना संभव नहीं रात में खनन,
तेज रफ्तार ट्रैक्टर बन रहे हादसों का खतरा
बांदा, के एस दुबे । जनपद में अवैध मौरंग खनन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरेहटा का सामने आया है, जहां किसानों के खेतों से रात के अंधेरे में कथित रूप से अवैध मौरंग खनन किए जाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब 15 दिनों से रात में 10 से 15 ट्रैक्टर लगाकर मौरंग निकाली जा रही है। आरोप है कि नए थाना अध्यक्ष के आने के बाद से यह गतिविधि लगातार बढ़ी है। अपराध पर भी अंकुश नहीं लग पा रहा आए दिन क्षेत्र में चोरियां होती हैं तथा अवैध खनन ग्राम बरेहटा निवासी कल्लू सिंह पुत्र स्वर्गीय रामनरायन ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि मौजा बरेहटा खादर स्थित गाटा संख्या 69/3, 69/6, 69 और 709 में रात के समय कथित रूप से मौरंग का अवैध खनन किया जा रहा है। इससे किसानों की कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शिकायतकर्ता ने खनन से संबंधित फोटो और वीडियो साक्ष्य होने का दावा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
![]() |
| वीडियो साक्ष्य होने का शिकायतकर्ता ने किया दावा |
पुलिस संरक्षण में खनन होने का ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की कथित मिलीभगत और एंट्री के चलते रात के अंधेरे में खनन का खेल चल रहा है। उनका कहना है कि यदि पुलिस की निगरानी में क्षेत्र में गश्त और सख्ती हो तो इस तरह की गतिविधियों पर रोक लग सकती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि रात में तेज रफ्तार से दौड़ने वाले मौरंग लदे ट्रैक्टर राहगीरों और ग्रामीणों के लिए हादसों का खतरा बने हुए हैं।
जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि किसानों के खेतों से लगातार 15 दिनों तक रात में मौरंग निकाली जा रही है तो खनन विभाग और पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या निजी कृषि भूमि से कथित खनन करने वालों के पास कोई वैध अनुमति है? ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन में शामिल लोगों और यदि किसी स्तर पर मिलीभगत पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल किसान ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन, खनन विभाग और पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं।


No comments:
Post a Comment