दिव्यांगों, बुजुर्गों और विधवा महिलाओं की पेंशन ₹5 हजार करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, November 4, 2026

दिव्यांगों, बुजुर्गों और विधवा महिलाओं की पेंशन ₹5 हजार करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

बाँदा, के एस दुबे । दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं निराश्रित विधवा महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संतोष कुमार अकेला के नेतृत्व में जेडीयू पदाधिकारियों एवं एक सैकड़ा से अधिक दिव्यांगजनों ने नगर मजिस्ट्रेट बाँदा के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में पात्र लाभार्थियों की बकाया पेंशन का तत्काल भुगतान कराने, दीपावली पर पांच हजार रुपये की विशेष आर्थिक सहायता देने तथा दिव्यांगजनों को पंचायत चुनाव में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रदान करने की मांग की गई। इसके साथ ही दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन एवं निराश्रित महिला पेंशन की वर्तमान एक हजार रुपये प्रतिमाह की राशि बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा प्रदेश के सभी


थानों, पुलिस चौकियों और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में अधिनियम से संबंधित सूचना बोर्ड लगवाने की मांग भी शामिल रही। पदाधिकारियों ने कहा कि महंगाई के दौर में एक हजार रुपये की पेंशन से सम्मानजनक जीवनयापन संभव नहीं है। दिव्यांगजन, वृद्धजन और निराश्रित महिलाएं दया की पात्र नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों के साथ जीवन जीने की हकदार हैं। सरकार को इन वर्गों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में जेडीयू जिलाध्यक्ष जुगुल किशोर पटेल, जिला महासचिव श्रीराम प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष उमाकांत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्रनाथ गुप्ता,  अतर्रा नगर अध्यक्ष ज्योति मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी बुंदेलखंड शालिनी सिंह पटेल,  जिला उपाध्यक्ष भरत  लाल कुशवाहा उदय पाल, कमलेश सेन, पूनम देवी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान एक सैकड़ा से अधिक दिव्यांगजनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए मांगों का समर्थन किया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages