सुरक्षा में शिथिलता पर होगी कार्रवाईःआयुक्त
बांदा, के एस दुबे । चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मण्डल के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने मण्डल के समस्त उप जिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान जनसुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, खाद्य एवं रसद, परिवहन तथा अग्निशमन जैसी अति आवश्यक
सेवाओं को चौबीसों घंटे सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।विद्युत विभाग को जर्जर तारों, झुके हुए पोलों एवं संभावित खतरों को तत्काल ठीक कर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर निकायों और पेयजल विभाग को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और बाजारों में निरंतर साफ-सफाई का जिम्मा सौंपा गया है। स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएं अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती, आवश्यक दवाओं का स्टॉक, एम्बुलेंस सेवाएं और फायर ब्रिगेड की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पटाखे की दुकानों के लिए सख्त सुरक्षा मानक आयुक्त ने पटाखों की बिक्री एवं भंडारण के लिए विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। पटाखों की दुकानें आबादी एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर खुले व सुरक्षित स्थानों पर ही लगेंगी। बिना वैध लाइसेंस के बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उप जिलाधिकारी संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर सभी पटाखा दुकानों व गोदामों का अनिवार्य एवं नियमित निरीक्षण किया जाएगा।दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी, अग्निशमन यंत्र ,पानी-बालू की व्यवस्था और आपातकालीन निकास का होना अनिवार्य है। मानकों के विपरीत या प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व खाद्य सुरक्षा सीसीटीवी और पुलिस बलरू पटाखा बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों से मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पटाखा बाजारों के पास फायर टेंडर और राहत-बचाव दल तैनात रहेंगे। प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों के पास नो-वेहिकल जोन व व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाकर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखी जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच करने और ओवररेटिंग की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।दीपावली पर आमजन की सुरक्षा, सुविधा और आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment