25 लाख श्रद्धालुओं ने की कामदगिरि की परिक्रमा
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : दीपावली के पावन पर्व पर चित्रकूट में लगने वाले अमावस्या मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने कामदगिरि की परिक्रमा कर जानकीकुंड, स्फटिक शिला, अनुसुइया आश्रम, गुप्त गोदावरी आदि स्थानों के दर्शन किए और देवी-देवताओं से अपनी मनोकामना पूरी करने की याचना की। मेले में श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए भव्य सजावट की गई है। मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मेला क्षेत्र का कई बार निरीक्षण किया। मेले में कौशांबी, रायबरेली सहित सुदूर जनपदों से पैदल व साइकिल से आए श्रद्धालुओं ने कर्वी के गणेशबाग में पहुंचकर डेरा डाला। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दूसरे दिन देवांगना, पंपापुर, हनुमानधारा, कोटितीर्थ के
दर्शन किए। सुदूर क्षेत्रों से आए लाखों आस्थावान लोग चित्रकूट में कई दिनों के लिए धर्मशालाओं और अन्य स्थानों पर रुककर समूचे चित्रकूट परिक्षेत्र के दर्शन करते हैं। इसी क्रम में श्रद्धालुओं ने तीसरे दिन भरतकूप, सूरजकुंड, वाल्मीकि आश्रम, स्वयंभू प्रकट हनुमान जी, राजापुर आदि स्थानों का भ्रमण कर देवी-देवताओं से मनोकामना पूरी करने की मांग की। इसके बाद वे अपने-अपने गंतव्य स्थानों की ओर रवाना हुए। मेले के दौरान कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर दिन-रात श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालु बोलो राम, सीता राम के जयकारों के साथ परिक्रमा करते नजर आए। मंदाकिनी तट पर स्नान, दान-पुण्य का भी विशेष महत्व रहा। प्रशासन की ओर से मेले में
सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई के इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। स्वयंसेवी संगठनों ने भी श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, शरबत और चिकित्सा शिविर लगाए। कई दिनों तक चित्रकूट की धर्मशालाएं, लॉज और आश्रम श्रद्धालुओं से भरे रहे। दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हुई। श्रद्धालुओं का कहना है कि चित्रकूट के दर्शन मात्र से ही मन को शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है।



No comments:
Post a Comment