चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : ग्रामीणों तक बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को सदर विकासखंड की ग्राम पंचायत बनाड़ी में वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रव्यापी वित्तीय समावेशन अभियान के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक लखनऊ के वित्तीय समावेशन एवं विकास विभाग के प्रभारी सहायक महाप्रबंधक सुधीर कुमार पांडेय सहित अग्रणी जिला प्रबंधक प्रभात कुमार मेहता, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक और विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत पात्र
लोगों का पंजीकरण बढ़ाना रहा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को इन योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। शिविर में बैंकिंग सुविधाओं से वंचित और कम बैंकिंग सेवाओं वाले क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया। निष्क्रिय बैंक खातों की री-केवाईसी कराई गई। साथ ही तत्काल खाता खोलने और विभिन्न योजनाओं में नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग के उपयोग और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व के बारे में भी बताया गया।


No comments:
Post a Comment