चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिले में धान और ज्वार-बाजरा खरीद के साथ उर्वरक वितरण व्यवस्था को परखने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कर्वी मंडी परिसर स्थित क्रय केंद्रों और उर्वरक वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उपज बेचने और खाद प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। किसान टोकन प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद लें। जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद विभाग के धान तथा ज्वार-बाजरा क्रय केंद्रों पर खरीद की प्रगति और आवक की जानकारी ली। पीसीएफ क्रय केंद्र प्रभारी को जरूरत के अनुसार केंद्रों की संख्या बढ़ाने और इस वर्ष धान खरीद पिछले साल से कम न होने देने
के निर्देश दिए। कहा कि किसानों की उपज खरीदने के लिए पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। मंडी परिसर के सार्वजनिक शौचालय में ताला बंद मिलने पर डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल खुलवाने और नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र के उर्वरक वितरण रजिस्टर की जांच में पता चला कि एक हजार बोरी में से 230 बोरी खाद वितरण के लिए शेष है। शेष खाद के लिए टोकन भी बांटे जा चुके हैं। डीएम ने केंद्रों पर भीड़ रोकने और व्यवस्थित ढंग से वितरण कराने को कहा। इफको केंद्र पर फार्मर रजिस्ट्री का सत्यापन करने के बाद खाद देने के निर्देश दिए। रजिस्ट्री में पूरा रकबा दर्ज न होने पर खतौनी देखकर वास्तविक भूमि के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने को कहा। चकबंदी वाले गांवों में भी आधार कार्ड अथवा खतौनी जैसे वैध अभिलेखों के आधार पर पात्र किसानों को खाद देने के निर्देश दिए। डीएम ने थाना प्रभारी को सुबह टोकन वितरण के समय केंद्र पर एक-दो सुरक्षाकर्मी तैनात करने को कहा, ताकि किसानों को असुविधा न हो और व्यवस्था बनी रहे। जिला कृषि अधिकारी आर.के. वर्मा ने बताया कि 24 आवंटित केंद्रों से 923 किसानों को 105 मीट्रिक टन डीएपी वितरित की गई। चार नवबंर को जिले की 52 समितियों पर 842.09 मीट्रिक टन यूरिया, 670.80 मीट्रिक टन डीएपी और 51.75 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान एडीएम न्यायिक डॉ. कंचन और एसडीएम कर्वी अजय यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment