चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सीतापुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का गुरुवार को विधिवत विश्राम हुआ। अंतिम दिन भागवत पीठ चित्रकूट धाम से पधारे आचार्य नवनेश दीक्षित महाराज ने परीक्षित मोक्ष और सुदामा चरित्र का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि कलियुग में श्रीमद्भागवत कथा कामधेनु के समान है। इसके श्रवण से जीव को पापों से मुक्ति और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की प्राप्ति होती है। पितरों की परम शांति के लिए भी भागवत कथा श्रवण श्रेष्ठ उपाय है। आचार्य ने चित्रकूट की धार्मिक महत्ता बताते हुए कहा कि यहां दीपावली का पर्व विशेष परंपरा और आस्था के साथ मनाया जाता है। मंदाकिनी तट और कामदगिरि पर जलते
दीप ऐसे प्रतीत होते हैं, मानो आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। यह परंपरा सनातन काल से चली आ रही है। लाखों श्रद्धालु दीपदान, मंदाकिनी स्नान और कामदगिरि परिक्रमा कर पुण्य अर्जित करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से तीर्थ की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मंदाकिनी नदी, पर्वत, वृक्षों और संतों के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए। तीर्थस्थलों को नुकसान पहुंचाने से बचाना सभी का दायित्व है। कथा के समापन पर आचार्य ने दीपावली महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और एकता का संदेश दिया। कथा स्व जियालाल कुशवाहा की स्मृति में आयोजित की गई थी। परीक्षित सावित्री देवी ने परिवार और श्रद्धालुओं के साथ आरती की। इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया।


No comments:
Post a Comment