कई ग्राम विकास अधिकारियों से लाखों रुपये वसूलने का आरोप, प्लॉट के नाम पर रकम लेने के बाद भी नहीं की जा रही वापसी
प्रधानों और सचिवों ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की उठाई मांग
बांदा, के एस दुबे । जनपद के विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) कार्यालय में तैनात वंश नामक कर्मचारी पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्राम प्रधानों और सचिवों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति कई वर्षों से बांदा में ही तैनात है और इस दौरान उसने कथित रूप से कई बेनामी संपत्तियां और प्लॉट खरीदे हैं। आरोप है कि पूर्वांचल से कई वर्ष पहले संविदा के आधार पर बांदा आए वंश ने धीरे-धीरे विभागीय कार्यों में अपनी पकड़ बना ली। ग्राम प्रधानों और सचिवों का कहना है कि अधिकारियों के नाम पर दबाव बनाकर ग्राम विकास अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत सचिवों से कमीशन के रूप में मोटी रकम वसूली जाती है। विशेष रूप से एक ही ग्राम पंचायत में कई वर्षों से तैनात सचिवों से अधिक रकम लिए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्लॉट दिलाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन रकम लेने के बावजूद अब तक न तो प्लॉट दिलाया गया और न ही पैसा वापस किया जा रहा है। वहीं, कई ग्राम विकास अधिकारियों से लाखों रुपये वसूले जाने की भी चर्चा सामने आई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति की विभाग में पकड़ इतनी मजबूत है कि कई वर्षों से बांदा में तैनाती के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस तरह के मामले सामने आए, लेकिन जांच और कार्रवाई के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब सवाल यह उठता है कि डीपीआरओ कार्यालय में लंबे समय से तैनात संविदाकर्मी की कार्यप्रणाली और कथित संपत्तियों की जांच आखिर कब होगी? शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संपत्तियों के स्रोत की जानकारी जुटाने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कर्मचारी और विभागीय अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उनका पक्ष भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment