बबेरू /बांदा, के एस दुबे । बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद सामने आया है। एक भाई ने अपने बड़े भाई पर मकान के हिस्से को दबाकर दरवाजे के सामने दीवार खड़ी करने और आने-जाने का रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सोमवार को बबेरू कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। परसौली गांव निवासी राजू यादव पुत्र शिवकुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र में रहकर मजदूरी करता है और परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके मुताबिक, दोनों भाइयों के दरवाजे एक ही स्थान पर हैं। आरोप है कि उसके बड़े भाई रामबरन उर्फ भूरा ने मार्च 2026 में उसके दरवाजे के सामने दीवार खड़ी कर दी थी। उस समय उसने दीवार गिरा दी थी, जिसके बाद वह दोबारा महाराष्ट्र चला गया। राजू का कहना है कि वह बीते पांच नवंबर को महाराष्ट्र से गांव लौटा तो देखा कि उसके भाई ने दोबारा दीवार खड़ी कर दी है, जिससे उसके परिवार का आने-जाने का रास्ता बंद हो गया है। पीड़ित ने
आरोप लगाया कि उसका भाई लाइसेंसी राइफल लेकर अपने लोगों के साथ आता है और उसे धमकी देता है। उसने चेतावनी दी कि यदि उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई तो वह पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाएगा। वहीं, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामला जमीन से संबंधित विवाद का है, जो राजस्व विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। मामले की जांच कराकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment