आज फिजा में लहराएगा तिरंगा, तैयारियां पूरी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, August 14, 2025

आज फिजा में लहराएगा तिरंगा, तैयारियां पूरी

सुबह सात बजे से स्कूली बच्चे निकालेंगे प्रभातफेरी

सरकारी और गैर सरकारी इमारतों में होगा ध्वजारोहण

बांदा, के एस दुबे । स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार को फिजा में तिरंगा ध्वज लहराएगा। शहीदों की आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगे को सैल्यूट करने पर गर्व महसूस होगा। सुबह सात बजे स्कूली बच्चों की ओर से प्रभातफेरियां निकाली जाएंगी। इसके साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन पुलिस लाइन में होगा। जनपद के विभिन्न स्कूलों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, वहां स्कूली बच्चे अनुपम छटा बिखेरेंगे। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण समेत अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की धूम रहेगी। प्राचीन इमारतों के साथ ही सरकारी और गैर सरकारी कार्यलयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। सभी ग्राम पंचायत भवनों व मंदिरों को तिरंगा रोशनी से सजाया गया है। शाम होते ही रंग-बिरंगी तिरंगा रोशनी लोगों में

 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे की रौशनी से जगमगाता रोडवेज बस स्टैंड।

उमंग भर रही है। शुक्रवार को सुबह साढ़े छह बजे से ही आजादी का जश्न शुरू हो जाएगा। इसके लिए प्रशासन व अन्य विभागों में पूरी तैयारी की गई है। सुबह साढ़े छह बजे प्रभात फेरी से इसकी शुरुआत होगी। सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरूषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों की सफाई व माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा। सरकारी व गैरसरकारी इमारतों में सुबह साढ़े सात बजे ध्वजारोहण होगा। कलक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा। साढ़े आठ बजे मैराथन दौड़ व पेंटिग प्रतियोगिता होगी। साढ़े नौ बजे दृष्टि बाधित छात्रों को निःशुल्क चश्मा वितरण एवं मोतियाबिंद का परीक्षण जिला चिकित्सालय में होगा। प्रातः 10 बजे आवासीय विकलांग विद्यालय बांदा व राजकीय दृष्टि बाधित विद्यालय महोखर एवं जिला अस्पताल में फल एवं मिष्ठान वितरण होगा। साढे़ 10 बजे आदर्श बजरंग इंटर काॅलेज में प्रदर्शनी होगी। जिला कारागार में 11 बजे फल एवं मिष्ठान का वितरण किया जाएगा। इसी बीच निर्धारित स्थलों पर पौधारोपण कार्यक्रम होगा। साढ़े 11 बजे रक्तदान शिविर व 12 बजे विकास प्रदर्शनी व झांकी होगी। आर्यकन्या इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं पेंटिंग प्रतियोगिता सीनियर वर्ग, छात्रसाल प्राथमिक पाठशाल स्टेशन रोड में जूनियर वर्ग के छात्रों के लिए प्रतियोगिता होगी। आदर्श बजरंग इंटर काॅलेज में दो बजे भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता व चार बजे जेएन डिग्री कॉलेज में खेल-कूद प्रतियोगिता होगी। भूरागढ़ में पांच बजे सैनिक कल्याण एवं पुुर्नवास विभाग की ओर से देश भक्ति का कार्यक्रम होगा। इधर, रोडवेज परिसर के साथ ही रेलवे स्टेशन में भी बिजली की झालरों से सजावट की गई है। बिजली की चकाचौंध के बीच तिरंगे की झलक लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages