गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा, 25 हजार लोग हुए शामिल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, January 15, 2026

गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा, 25 हजार लोग हुए शामिल

कलश यात्रा में महिलाओं की संख्या भी कम नहीं रही 

ऊंट, हाथी, घोड़े और डीजे भी रहे शामिल, गूंजी बजरंगी की जय-जयकार 

बांदा, के एस दुबे । हनुमंत कथा का शुक्रवार को शुभारंभ होगा। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारबिंद से श्रद्धालु हनुमंत कथा का श्रवण करेंगे। इसके एक दिन पूर्व गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा ने शहर भ्रमण किया। कलश यात्रा में 25 हजार श्रद्धालु शामिल रहे। हाथी, घोड़ा, ऊंट के साथ ही डीजे भी शामिल रहे। कलश यात्रा का जगह-जगह पर पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया गया। शहर के मवई बाइपास में 16 जनवरी दिन शुक्रवार से लगने वाले आस्था के महाकुंभ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लाखों भक्तों को हनुमंत कथा का रसपान कराएंगे। इसके पूर्व गुरूवार को भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा शहर में निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में पीत वस्त्रों से सुसज्जित महिलाएं कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल रही।

कलश के साथ शोभायात्रा में शामिल महिलाएं।

इसके अलावा हजारों की संख्या में भक्तगण भी शामिल रहे। शोभायात्रा का लोगों ने जगह-जगह पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के संस्थापक एवं कार्यक्रम के आयोजक प्रवीण सिंह के नेतृत्व में हनुमंत कथा से पूर्व शहर में भव्य व ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा शहर के प्रमुख रामलीला मैदान से शुरू हुई जो बांकरगंज चौराहे से होते हुए पद्माकर चौराहा, बलखंडी नाका चौराहा, महेश्वरी देवी चौराहे से चौक बाजार, गूलर नाका से होते हुए राइफल क्लब में जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने अपनी भागीदारी निभाई, जिसमें राजनीतिक दलों के लोग भी शामिल रहे। इनमें राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं के अलावा अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। गाजे बाजे से निकली शोभायात्रा का लोगों ने जगह-जगह पर स्टाल लगाकर गुलाब की पंखुड़िया
कलश यात्रा में शामिल सदर विधायक, प्रवीण सिंह व प्रशांत सिंह।

बरसाकर स्वागत किया। शोभायात्रा में रथ पर संत, महात्मा आरुढ रहे, जिनका प्रवीण सिंह ने तिलक लगाकर स्वागत किया। शोभा यात्रा गजराज व सजे धजे ऊंट के अलावा ढोल टीम विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह पर लगे स्टालों में पानी की व्यवस्था भी लोगों द्वारा की गई थी। फाउंडेशन के संस्थापक एवं भाजपा नेता प्रवीण सिंह ने सभी सनातन प्रेमियों से 16 जनवरी दिन शुक्रवार से 20 जनवरी तक मवई बाइपास में आयोजित होने वाली श्री हनुमंत कथा का रसपान करने की अपील की। ज्ञात रहे हनुमंत कथा के लिए श्री सिंह द्वारा अपने समर्थकों के साथ गांव-गांव, गली-गली घूमकर लोगों को हनुमंत कथा का रसपान करने के लिए अक्षत देकर आमंत्रण देते रहे हैं। आशा है कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से हनुमंत कथा का श्रवण करने के लिए जनपद के अलावा अन्य राज्यों के लाखों भक्तों के कथा स्थल पर जुटने की संभावना है।हनुमंत कथा से पूर्व शहर में गाजे बाजे से निकाली गई विशाल कलश यात्रा में जहां ऐतिहासिक भीड़ रही, वहीं कलश यात्रा में सजे धजे शामिल हाथी, ऊंट, घोड़े व आकर्षक ढोल बैंड प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे जो जगह-जगह पर अपनी कला का प्रदर्शन भी करते रहे, जिसका लोगों ने अवलोकन किया, साथ ही कदम-कदम पर लहराते भगवा परचम के साथ जय श्री राम, जय हनुमान, जय बागेश्वर धाम सरकार के जयघोष गूंजते रहे और डीजे पर बजते भक्ति पूर्ण संगीत समूचे वातावरण को भक्तिभाव में रस घोलते नजर आए।

संत श्री का तिलक लगा अभिनंदन करते आयोजक।

श्रीराम व भोलेनाथ की दिव्य झांकियाें का हुआ पूजन, पुष्प वर्षा भी हुई 

बांदा। शोभायात्रा में शामिल अनेक रथों पर भगवान श्रीराम, भगवान भोले नाथ की मनोरम झाँकियां लोगों को श्रद्धा भाव जागृत करती रही। जिनका जगह-जगह पर पुष्प वर्षा के साथ लोगों ने स्वागत कर उनका वंदन किया। इसके अलावा रथ में कुरसेजा धाम के संत भी विराजित रहे। शोभायात्रा में भगवान की दिव्य झाँकियां विशेष आकर्षण का केंद्र भी रही। जगह-जगह पर भक्तों ने रथ पर आरुढ भगवान की पुष्प वर्षा के साथ आरती उतारी और पूजा अर्चन किया।

जगह-जगह पर तैनात नजर आई पुलिस 

बांदा। विशाल शोभायात्रा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा पहले से ही विशेष व्यवस्था की गई थी और आवागमन बाधित न हो इसके लिए रूट का निर्धारण भी कर दिया गया था। शोभा यात्रा में नागरिक पुरुष बल के साथ महिला पुलिस बल भी बड़ी संख्या में शामिल रहा। इसके अलावा एएचएफ की युवा टीमे भी अपना सक्रिय योगदान देते हुए नजर आई, ताकि कहीं पर भी कोई अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस व अन्य बल की लगाई गई व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रही, जिसके चलते शोभायात्रा सकुशल संपन्न हो गई। 

राइफल क्लब को बचाने के लिए सबके सहयोग की जरूरत 

- बैठक के दौरान नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सभी राजनीतिक दलों से आगे आने किया आह्वान 

बाँदा। राइफल क्लब मैदान को बचाने के लिए कांग्रेस संघर्ष के लिए तैयार है। 17 जनवरी को होने वाले कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को लेकर खेल प्रेमी और शहर के लोग भी एकजुट होते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को अपने आवास में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन  सिद्दीकी ने सभी राजनीितक दलों के लोगों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राइफल क्लब मैदान को बचाने के लिए आगे आने का आह्वान किया है। 

अपने आवास पर बैठक को संबोधित करते हुए नसीमुद्दीनल सिद्दीकी। 

गौरतलब हो कि आगामी 17 जनवरी को राइफल क्लब मैदान की नीलामी को रोकने और ग्राउंड को बचाए रखने के लिए कांग्रेस धरना देगी। इसको लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने रणनीति बना ली है। अब कांग्रेस राइफल क्लब मैदान को बचाने के लिए जनसहयोग की अपेक्षा करते हुए लोगों से आह्वान कर रही है कि सभी लोग धरना प्रदर्शन में शामिल हों। उन्होंने तमाम राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राइफल क्लब बचाने के लिए रणनीति में भागीदार बनने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि शहर के बीचोबीच स्थित इस मैदान को बचाने के लिए सबको एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। बैठक में जनपद के प्रबुद्धजनों के साथ ही खेल प्रेमी व कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व मंत्री ने एक बार फिर बताया कि उन्होंने शासन और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन राइफल क्लब ग्राउंड की नीलामी रोके जाने के लिए किसी प्रकार का कोई आदेश नहीं जारी किया गया है। ऐसी दशा में संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन से बात नहीं बनी तो आमरण अनशन तक किया जाएगा। किसी दशा में राइफल क्लब ग्राउंड की नीलामी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, एआईसीसी सदस्य रमेशचंद्र कोरीफ़, प्रद्युम्न दुवे पीसीसी मुमताज अली, भगवानदीन गर्ग, पवन देवी कोरी, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष, संगठन प्रभारी संकटा प्रसाद त्रिपाठी, मोहम्मद इदरीश, जिला महामंत्री, मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी, कालीचरण निगम, मोहम्मद इदरीश, जितेन्द्र गौरव, कंट्रोल रूम प्रभारी बी. लाल भाई, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, धीरेन्द्र पांडेय, कबड्डी खिलाड़ी कमल यादव, पिंटू शुक्ला, आरिफ निजामी, इरफान खान सभासद, बाबूराम निषाद पूर्व सभासद, शब्बीर जुगनू पूर्व सभासद, मजीद भाई, जितेन्द्र गुप्ता,व सम्मानित नगरवासी और खिलाडी व खेल प्रेमी मौजूद रहे। इधर, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा कि राइफल क्लब मैदान की नीलामी नहीं होगी। बताया कि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को पत्र देते हुए मुलाकात भी की थी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि मैदान खिलाड़ियों के लिए है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राइफल क्लब की नीलामी न हो, ऐसा आदेश चित्रकूटधाम मंडलायुक्त के पास आ चुका है। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages