एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं समस्याएं - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, January 10, 2026

एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं समस्याएं

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि  : जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने थाना परिसर में पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनकर सम्बन्धितों को निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। थाना राजापुर में अपर जिलाधिकारी चन्द्रशेखर, उपजिलाधिकारी फूलचन्द्र यादव एवं प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान प्राप्त कुल छह प्रार्थना पत्रों में से दो का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि शेष शिकायतों का भी निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान एडीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर त्वरित समाधान प्रदान करना है। एसडीएम ने भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व मामलों में पारदर्शिता के साथ


निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह एवं उपनिरीक्षक संतोष सिंह ने साइबर क्राइम से बचाव, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस मौके पर गनीवां चौकी प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रमेश तिवारी आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में थाना मऊ व बरगढ़ में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी ने समस्याओं निस्तारण रजिस्टर का अवलोकन करते हुए निस्तारण आख्या को देखा तथा सम्बन्धित को निर्देश दिए कि समस्या निस्तारण कर सम्बन्धित व्यक्ति को भी अवगत कराएं। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर सम्बन्धितों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही भूमि सम्बन्धी मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग को मौके पर भेजकर प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक मऊ दुर्ग विजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक बरगढ़ शिवआसरे, पीआरओ पंकज तिवारी सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना मऊ व बरगढ़ का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय, मालखाना व हवालात का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने सम्बन्धित थाना प्रभारियों को थाना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, रजिस्टरों में नवीन जानकारी दर्ज करने, जनसुनवाई के मामलों में त्वरित कार्यवाही करने तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी करने आदि निर्देश दिए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages