उप जिलाधिकारी से कार्रवाई करते हुए समस्या समाधान की मांग
अतर्रा, के एस दुबे । भारतीय किसान यूनियन ने धान खरीद केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए उप जिलाधिकारी से शीघ्र निस्तारण की मांग की है। अन्यथा की स्थिति मे धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। भाकियू के जिलाध्यक्ष महेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में किसानों द्वारा उप जिलाधिकारी अतर्रा को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि तहसील अंतर्गत खुले सरकारी धान खरीद केंद्रों में किसान अपना धान बेचने के लिए कई-कई दिनों से पड़ा हुआ है, लेकिन उसका धान नहीं खरीदा जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसान का धान बाजार मूल्य 1800 रुपए से लेकर 1850 रुपए है, जबकि शासन की ओर से घोषित धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपए प्रति कुंतल है।
![]() |
| ज्ञापन सौंपते हुए भारतीय किसान यूनियन पदाधिकारी। |
भाव में अंतर होने के कारण बिचौलियों की संख्या भी ज्यादा है। धान खरीद केंद्रों में किसान का धान सुविधा अनुसार न खरीदे जाने पर किसान मजबूरी में अपना धान बिचौलियों को बेचने के लिए बाध्य है। उन्होंने अराेप लगाया कि धान खरीद केंद्रों में कोई भी नियम निर्धारित नहीं है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यही स्थिति बदौसा उप मंडी में खुले सरकारी धान खरीद केंद्र की भी है। यहां भी किसान अपना धान बेचने के लिए महीनों से पड़ा हुआ है। यहां पर एक मात्र केंद्र होने के कारण किसानों की भीड़ ज्यादा रहती है। उन्होंने ठंडी को देखते हुए प्रत्येक खरीद केंद्र में अलाव की व्यवस्था कराए जाने और खरीद केंद्रों की व्यवस्था बेहतर सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसान सही मूल्य पर अपना धान बेच सके। ज्ञापन देने वालों में श्री त्रिपाठी के साथ सुशील चाैरिहा, अरुण कुमार पांडेय, राजनारायण चौरिहा, राजा सिंह आदि किसान शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment