दंत चिकित्सक ने पत्नी व दो बच्चों संग खाया जहर   - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 20, 2019

दंत चिकित्सक ने पत्नी व दो बच्चों संग खाया जहर  

आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान होने पर उठाया  हौलनाक कदम 

बिजनौर, संजय सक्सेना । आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान एक दंत चिकित्सक ने अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। चारों की हालत नाजुक है। उन्हें बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
जनपद मुजफ्फरनगर के सिसौली निवासी दंत चिकित्सक विनय कुमार (40 वर्ष) पुत्र सोमपाल, पत्नी गीता देवी (35 वर्ष), पुत्री शिवांशी (14 वर्ष) व पुत्र युवराज के साथ करीब पांच वर्ष पूर्व नजीबाबाद आकर रहने लगे थे।  डा. विनय का नजीबाबाद में पूजा हॉस्पिटल के सामने क्लीनिक है और नजीबाबाद के मोहल्ला दरोदगरान में रामकुमार चौधरी के मकान के ग्राउण्ड फ्लोर में किराये पर रहते हैं। इसी मकान में उनके बराबर में दूसरा किरायेदार हिमांशु अपनी पत्नी के साथ रहता है, जबकि मकान मालिक परिवार के साथ फस्र्ट लोर पर रहते हैं।
बताया जाता है कि डा. विनय कुमार की प्रैक्टिस नहीं चलती थी। काफी दिनों से उनका काम ठप था, जिससे वे परेशान थे। इसी के साथ उन पर काफी कर्ज भी हो गया था। आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से डा. विनय मानसिक रूप से परेशान रहते थे। बीती रात डा. विनय ने खाने में कोई कीटनाशक मिला दिया। खाना खाकर सभी सो गये। रात को करीब एक बजे पड़ोस में रहने वाले हिमांशु की पत्नी उठी तो उसने डाक्टर व उनके परिजनों को उल्टियां करते देखा। जहर खाने का पता चलने पर आस-पड़ोस में हड़कम्प मच गया। डा. विनय का भतीजा विक्की साहनपुर में रहता है। सूचना मिलने पर वह अपने एक साथी को लेकर मौके पर पहुंचा और अपने चाचा डा. विनय, उनकी पत्नी व बच्चों को पूजा अस्पताल में भर्ती कराया। 
चर्चा है कि डा. विनयने ही अपने भतीजे विक्की को फोन करके जहर खाने की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर नजीबाबाद थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल भी पूजा अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बाद में डा. विनय, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से उन्हें हायर सेण्टर ले जाने की सलाह दी गई, जिस पर चारों को मण्डावर रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। नर्सिंग होम के सूत्रों के अनुसार चारों ने कीटनाशक का सेवन किया है। चिकित्सक की पत्नी व बेटी की हालत ज्यादा गंभीर है। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages