कांग्रेसियों ने राज्यपाल को भेजा सात सूत्रीय ज्ञापन
फतेहपुर, शमशाद खान । जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले में व्याप्त जनसमस्याओं के निराकरण के साथ ही विद्युत दरों में की गयी बेतहाशा वृद्धि तथा वाहन चेकिंग के नाम पर की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके राज्यपाल को सम्बोधित सात सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें अतिक्रमण के नाम पर उजाड़े गये नगर का विकास कराने की मांग की गयी है।
![]() |
| कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी। |
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामनरेश महाराज व शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा की अगुवई में कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण के लिए आवाज बुलन्द की। प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारेबाजी करते रहे। वक्ताओं ने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाये जाने के नाम पर गांव से बदतर हालत में तब्दील कर दिया गया है। जबकि तत्कालीन जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाये जाने के पीछे शहर के सौन्दर्यीकरण का सपना दिखाया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी विकास तो दूर रहा दिनों दिन शहर गड्ढों के साथ-साथ जलभराव के चलते तालाब में तब्दील होता जा रहा है। ज्ञापन में बढ़ी हुयी विद्युत दरों को कम करने, गंगा व यमुना में आयी बाढ़ से प्रभावित गांवों के बाशिन्दों को आर्थिक मदद व पक्के बांध की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, शहर में जल निकासी के लिए सीवर लाइन शुरू कराने, निजी विद्यालय व नर्सिंग होमों द्वारा गरीबों से इलाज के नाम पर धन उगाही बंद कराने, वाहन चेकिंग के नाम पर पुलिस द्वारा अवैध उगाही पर अंकुश लगाने तथा जिला अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट को तैनात किये जाने की मांगे शामिल हैं। इस मौके पर महेश द्विवेदी, राजकुमार मौर्य एडवोकेट, कैलाश द्विवेदी, औसाफ अहमद, संतोष सिंह यादव एडवोकेट, आदित्य श्रीवास्तव, रज्जू, मो0 सईद, सैय्यद शहाब अली, अजय कुमार, नजीब उल्ला, राम किशोर द्विवेदी, दीपक श्रीवास्तव, आनन्द सिंह गौतम, रामेश्वर, अकील आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment