बैठक कर अधिकारियों को दिए निर्देश
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। जिलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय की अध्यक्षता में अश्विन मास की पितृविर्सजन अमावस्या मेला सकुशल, शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बताया गया कि पितृमोक्ष अमावस्या 28 सितम्बर को है। जिसका मेला 27 से 29 सितम्बर तक चलेगा। जिसमें लगभग 3-4 लाख तक तीर्थयात्रियों के आने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला क्षेत्र में कोई भी मादक पदार्थ नहीं बिकना चाहिए। प्लास्टिक पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया जाये। उप जिलाधिकारी कर्वी व क्षेत्राधिकारी नगर को निर्देश दिये कि इसमें एक कमेटी बनाकर क्षेत्र का भ्रमण कर कार्यवाही करायें। बैठक में अधिशाषी अभियंता जल निगम व सिंचाई के न रहने पर जवाब तलब करने के निर्देश दिये। उन्होंने मेला परिसर में अवारा पशुओं आदि के विचरण को प्रतिबंधित व मेला क्षेत्र में हलवाइयों, दुकानदारों के अतिक्रमण को कड़ाई से रोकें। जिलाधिकारी ने सिंचाई प्रखण्ड प्रथम को निर्देश दिये कि रामघाट मंदाकिनी नदी में जल बैरीकेटिंग, जंजीर की व्यवस्था, गैस ट्यूब व डूबने से बचाव वाले उपकरण व गोताखोर, नाव की व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये हैं। कहा कि रामघाट पर सीढ़ियों की सफाई करा दें तथा नावों में लाईट की व्यवस्था अवश्य रहे। प्राइवेट नाविक अगर नहीं करते हैं तो उनको कतई न चलने दिया जाये। उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल संस्थान से मेला अवधि के दौरान सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में समुचित जलापूर्ति की व्यवस्था तथा रैन बसेरा, पोद्दार इंटर कालेज, मेला कोतवाली, कामदगिरि भवन एवं जहां-जहां पार्किंग स्थल हो वहां पर पेयजल टैंकरों की व्यवस्था की जाये। उन्होंने कहा कि विशेषकर परिक्रमा मार्ग पर स्थित पानी की टंकियो की सफाई व ब्लीचिंग पाउडर डालने तथा मार्ग में जल बहाव रोकने को कहा। कहा कि पार्किंग के अलावा सड़कों पर वाहन खड़े नहीं होने चाहिए जो भी वाहन रोड पर खड़े मिलें उनका तुरन्त चालान किया जाये। उन्होंने उप जिलाधिकारी कर्वी, क्षेत्राधिकारी नगर कर्वी से पूर्व की भांति मेला क्षेत्र में कोतवाली, रामघाट एवं परिक्रमा मार्ग पर एक-एक खोयापाया केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। मंदिरों के पास जहां पर अंधेरा होने के कारण तीर्थयात्रियों को काफी दिक्कतें होती है उसे दूर करने के लिए अधिशाषी अभियंता विद्युत को विद्युत व्यवस्था दुरूस्त किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद व जिला पंचायत राज अधिकारी को मेला क्षेत्र तथा परिक्रमा मार्ग पर पोछा लगवाकर साफ-सफाई कराने के लिए भी कहा। निर्देश दिये कि मेला के दौरान विद्युत की कटौती कतई न की जाये। आवश्यकतानुसार सचल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाये। सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में लटके हुए तारों की मरम्मत एवं क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को भी ठीक करायें। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से मेला के दौरान निर्धारित स्थानों पर जीवनरक्षक दवाओं सहित चिकित्सकों की टीम एवं एम्बूलेंस सहित तैनात किये जायें। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने कहा कि अमावस्या मेला में शांति, कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिन अधिकारियों की ड्युटी जहां लगायी गई है वह निर्वहन करें। ताकि मेला सकुशल सम्पन्न करायें। बैठक में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चैधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी कर्वी अश्विनी कुमार पाण्डेय, मऊ राजबहादुर, राजापुर रमेश कुमार, मानिकपुर संगमलाल अधिशाषी अभियंता विद्युत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment