दुर्घटनाओं का सबब बना बीबीपुर का गड्ढा युक्त मार्ग - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 29, 2020

दुर्घटनाओं का सबब बना बीबीपुर का गड्ढा युक्त मार्ग

जल निकासी न होने से गड्ढे ने लिया तालाब का रूप

फतेहपुर, शमशाद खान । नगर पालिका क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले कई गांवों के मार्ग आज भी अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। ऐसा ही एक मार्ग लोधीगंज बाईपास से बीबीपुर को जाने वाला मार्ग है। जो वर्तमान समय में दुर्घटनाओं का सबब बना हुआ है। जल निकासी न होने की वजह से इस मार्ग के गड्ढों ने तालाब का रूप ले लिया है। जिससे प्रतिदिन वाहन सवारों के साथ-साथ पैदल निकलने वाले लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इस मार्ग की जल निकासी सुनिश्चित कर निर्माण कराये जाने की आवाज उठायी है। 
बीबीपुर मार्ग में जलभराव का दृश्य। 
बताते चलें कि नगर पालिका क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले लोधीगंज बाईपास से बीबीपुर गांव को जाने वाला मार्ग इन दिनों खस्ताहालत में है। मार्ग के दोनों ओर व्यापारियों से अवैध कब्जा कर रखा है। मार्ग निर्माण के समय बनाई गयी दोनों ओर की नालियां पूरी तरह से पाट दी गयी है। जिससे घरों की निकासी का पानी भी सड़क पर आकर भरता है। इतना ही नहीं वर्तमान समय में हल्की बारिश भी हो रही है। जिससे बारिश का पानी भी सड़क पर ही भरा रहा। जलभराव के कारण मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं और इन गड्ढों में भरे पानी ने इसको तालाब का रूप दे दिया है। इस मार्ग पर आने वाले लोगों को यह एहसास होता है कि शायद वह किसी तालाब से बचकर निकले हो। यह समस्या अभी की नहीं बल्कि काफी समय से व्याप्त है। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा आज तक इस मार्ग का जीर्णोद्धार करने की नहीं सोची गयी। परिणामस्वरूप मार्ग की हालत बद से बदतर हो गयी और स्थानीय लोगों को नरकीय जीवन जीना पड़ रहा है। जलभराव के कारण प्रतिदिन इस मार्ग में हादसे होते हैं। गत दिवस एक बाइक सवार भरे पानी में अपनी पत्नी को लेकर गिर गया। जिससे दोनों को गम्भीर चोटे आयीं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल इस मार्ग के दोनों ओर नाले का निर्माण कराकर मार्ग का जीर्णोद्धार कराये जाने की मांग की है। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages