जिला अस्पताल के कई वार्ड और रेलवे बुकिंग काउंटर सील
संक्रमण के चलते लगातार बढ़ती जा रही कोरोना मरीजों की संख्या
बांदा, के0 एस0 दुबे । शनिवार को जिला अस्पताल कैंपस में स्थित ट्रामा सेंटर में की गई जांच में एक दंपति कोरोना पाजिटिव मिला है। पाजिटिव मिलने वाले दंपति में पति रेलवे आरक्षण केंद्र में बुकिंग क्लर्क है जबकि पत्नी जिला अस्पताल में नर्स के तौर पर कार्यरत है। ऐसे में एक बार फिर से जिला अस्पताल के जहां कई वार्ड बंद किए जा रहे हैं वहीं रेलवे आरक्षण बुकिंग काउंटर भी बंद कर दिया गया है।
शनिवार को ट्रामा सेंटर में ट्रूनेट मशीन से की गई जांच में रेलवे आरक्षण केंद्र में तैनात बुकिंग क्लर्क और उसकी पत्नी जो जिला अस्पताल में नर्स के तौर पर कार्यरत हैं, कोरोना पाजिटिव निकली है। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. संपूर्णानंद मिश्र ने बताया कि ट्रूनेट मशीन से कन्फर्म रिपोर्ट आ रही है। पाजिटिव पाए जाने के बाद दंपति को आईसोलेट करते हुए राजकीय मेडिकल कालेज में उपचार शुरू किया गया है। अब तक जिले में 46 कोरोना पाजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 8 एक्टिव हैं। शेष स्वस्थ्य होकर घर भेजे जा चुके हैं। कुछ को क्वारंटाइन भी किया गया है। कोरोना मरीजों की बढ़ती जा रही संख्या चिंता का विषय बनी हुई है।
![]() |
| थर्मल स्क्रीनिंक का शुरू होगा सिलसिला (फाइल फोटो) |
बुकिंग काउंटर बंद, वार्ड 48 घंटे के लिए सील
बांदा। रेलवे स्टेशन प्रबंधक एसके कुशवाहा ने बताया कि आरक्षण केंद्र को सेनेटाइज कराते हुए सील करा दिया गया है। आरक्षण सेवा फिलहाल बंद है। इधर, जिला अस्पताल के सीएमएस डा. संपूर्णानंद मिश्र ने बताया कि बर्न वार्ड और ट्रामा सेंटर को छोड़कर अस्पताल के सभी वार्ड 48 घंटे के लिए बंद रहेंगे। इसके साथ ही मरीजों की छुट्टी कर दी जाएगी। गंभीर मरीजों को कानपुर के लिए रेफर किया जाएगा।
हाटस्पाट बनाया गया चर्च के आसपास का इलाका
बांदा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संतोष कुमार ने बताया कि चिल्ला के आसपास का कुछ एरिया हाटस्पाट घोषित किया गया। सीएमओ ने बताया कि पाजिटिव दंपति आवास विकास इलाके में रहते हैं। इसलिए उस इलाके को सेनेटाइज कराते हुए थर्मल स्क्रीनिंग का सिलसिला भी शुरू किया जाएगा। इलाकाई लोगों को मुंह पर मास्क लगाने और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है।
रेलवे से सभी कर्मियों की जांच कराने की मांग
बांदा। रेलवे के एनसीआरएमयू उत्तर मध्य रेलवे मेंस यूनियन शाखा सचिव पीके सिंह व युवा सचिव श्यामेंद्र गुप्ता ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि सभी कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई जाए, जिससे कि संक्रमण का सिलसिला रोका जा सके। रेलवे बुकिंग काउंटर में तैनात कर्मी के पाजिटिव निकल आने से सभी रेलवे कर्मचारियों में भय नजर आ रहा है।


No comments:
Post a Comment